पटना से चोरी, वैशाली में बिक्री: वाहन चोर गिरोह के सरगना सहित छह गिरफ्तार
पटना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए सरगना सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पटना शहर से बाइकें चोरी करता था और उन्हें वैशाली के राघोपुर में छिपाकर बेचता था। पुलिस की विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर राघोपुर के मीरपुर गांव में दबिश देकर इन बदमाशों को दबोचा।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान राजा कुमार, मिथुन कुमार, विकास राम, कंचन कुमार, वृजनाथी कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली के राघोपुर के रहने वाले हैं। एक अन्य गिरफ्तार आरोपी कुंदन कुमार बेउर में किराए के मकान में रहता था। पुलिस को इनकी निशानदेही पर एक झोपड़ी से चोरी की गई 13 मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह पटना के गांधी मैदान, पीरबहोर, कदमकुआं, अगमकुआं सहित कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य पटना आकर लाज या किराए के कमरे में रुकते थे और फिर सुनियोजित तरीके से बाइकें चुराते थे। चोरी की गई बाइकों को वैशाली के राघोपुर ले जाकर छिपा दिया जाता था। वहां नंबर प्लेट बदलने के बाद इन बाइकों को 15 से 20 हजार रुपये में बेच दिया जाता था।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह पिछले कुछ महीनों में सौ से अधिक बाइकें चोरी कर बेच चुका है। गिरोह के सदस्यों के बीच काम का बंटवारा था, जिसमें एक सदस्य रेकी करता था, दो बाइक चोरी करते थे और बाकी तीन चोरी की गई बाइकों को वैशाली तक पहुंचाकर छिपाने और बेचने का काम करते थे। चोरी की गई बाइकों को बेचने से मिले पैसों को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के तार पटना, वैशाली सहित अन्य जिलों से भी जुड़े होने की आशंका है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हाल ही में गांधी मैदान थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस गिरोह का खुलासा किया। राजा कुमार, जिसे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह पूरा रैकेट सामने आया।
