पति से झगड़े के बाद लापता हुई महिला वैशाली से बरामद, परिवार ने जताया आभार
गाजियाबाद: मोदीनगर के सीकरी खुर्द गांव से बीते 30 अक्टूबर को अपने पति से विवाद के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हुई एक महिला को शुक्रवार रात पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने गाजियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास से महिला को ढूंढा, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, सीकरी खुर्द गांव में ट्यूशन पढ़ाने वाली एक महिला 30 अक्टूबर की शाम को घर से लापता हो गई थी। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई थी। महिला के लापता होने के बाद उसके मोबाइल और कपड़े मोदीपोन कॉलोनी से बरामद हुए थे, जिससे परिजनों को किसी अनहोनी का डर सताने लगा था। महिला की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने दो बार थाने पर हंगामा भी किया था, जिसके बाद पुलिस ने उनपर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप में केस भी दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों ने महिला की तलाश के लिए चार टीमें गठित की थीं। पुलिस लगातार महिला की तलाश में जुटी हुई थी। इस बीच, शुक्रवार देर शाम महिला ने अपने पति को फोन किया। यह सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास पाई गई।
मोदीनगर पुलिस की टीम तुरंत वैशाली पहुंची और महिला को सकुशल बरामद कर थाने ले आई। पुलिस ने महिला के परिजनों को भी थाने बुलाया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि महिला को सकुशल बरामद कर वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है। महिला ने पूछताछ में बताया कि वह पति से विवाद के चलते ही घर से चली गई थी। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
