अक्षय खन्ना नहीं, बल्कि इस सुपरस्टार को ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत के लिए पहले चुना गया था? Nagarjuna ने तोड़ी चुप्पी
आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही लगातार चर्चा में है। फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, खासकर अक्षय खन्ना ने अपने खतरनाक किरदार ‘रहमान डकैत’ से दर्शकों को खूब प्रभावित किया है। उनके दमदार अभिनय ने उन्हें रातोंरात इंटरनेट सेंसेशन बना दिया। इसी बीच सोशल मीडिया और फिल्म गलियारों में यह अफवाह तेजी से फैल रही थी कि यह भूमिका पहले एक साउथ सुपरस्टार को ऑफर की गई थी।
यह साउथ सुपरस्टार कोई और नहीं बल्कि नागार्जुन थे। अब नागार्जुन ने खुद इन अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें यह भूमिका कभी ऑफर नहीं की गई थी। नागार्जुन ने कहा, “बिल्कुल नहीं। मुझे यह रोल ऑफर नहीं किया गया था, हालांकि काश ऐसा होता… धुरंधर एक शानदार फिल्म है… आदित्य धर का निर्देशन वाकई अविश्वसनीय है। मुझे उनकी पिछली फिल्म उरी भी बहुत पसंद आई थी! फिल्म में सभी का अभिनय शानदार था, और अक्षय खन्ना जबरदस्त थे… सीक्वल का इंतजार है! उन्हें एक और ब्लॉकबस्टर की शुभकामनाएं।”
इसी बातचीत के दौरान, नागार्जुन ने दर्शकों के बदलते स्वाद पर भी बात की। वह फिलहाल अपनी 100वीं फिल्म पर काम कर रहे हैं। इस खास फिल्म के बारे में उन्होंने कहा कि वह किसी भी चीज में जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उनके अनुसार, “हम किसी भी चीज में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। फिल्म को पूरा करने की कोई जल्दी नहीं है। हम इसे बहुत खास बनाना चाहते हैं। ‘धुरंधर’ के बाद यह स्पष्ट है कि दर्शक अंतरराष्ट्रीय स्तर की कहानी कहने की मांग करते हैं।” उनके मुताबिक, अब सिर्फ बड़े सितारे ही नहीं, बल्कि मजबूत कहानी और शानदार निर्देशन ही किसी फिल्म की सफलता तय करता है।
नागार्जुन के बॉलीवुड करियर की बात करें तो उन्हें आखिरी बार साल 2022 में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा’ में देखा गया था। इस फिल्म में उन्होंने अनीश शेट्टी का किरदार निभाया था, जो नंदी अस्त्र के धारक थे। फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में थे।
दूसरी ओर, अक्षय खन्ना के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ‘धुरंधर’ के सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में फ्लैशबैक में एक बार फिर रहमान डकैत की भूमिका में लौट सकते हैं। फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने की उम्मीद है।
