नोएडा पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, online fraud में 10% कमीशन पर खाता देने वाला गिरफ्तार
गौतमबुद्धनगर साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने संभल से मोहम्मद फैजान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो ठगों को 10 प्रतिशत कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल कर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की।
नोएडा में दो पीड़ितों से 5.6 करोड़ रुपये और 55 लाख रुपये की ठगी हुई थी। पुलिस ने जांच के दौरान इन ठगी में इस्तेमाल हुए बैंक खातों की पड़ताल की, जिससे फैजान की भूमिका सामने आई। पुलिस ने इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में फैजान ने बताया कि वह मेरठ के चरणजीत के संपर्क में आया था, जिसने उसे कमीशन का लालच दिया। फैजान ने बैंक ऑफ बड़ौदा में करंट खाता खुलवाकर चरणजीत को सौंप दिया। उसे कमीशन के तौर पर 75,000 रुपये मिले थे।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा के अनुसार, फैजान के खाते पर एनसीआरपी पोर्टल पर महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु सहित सात राज्यों से 15 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी चरणजीत और अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
