यूजीसी एक्ट विरोध के बीच आगरा में भारी पुलिस बल तैनात, किसानों से झड़प | agra news
नया यूजीसी एक्ट रोलबैक करने की मांग को लेकर आगरा में प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च और जिला मुख्यालय के घेराव के ऐलान के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। इस विरोध प्रदर्शन से आम जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तय कार्यक्रम के अनुसार, विभिन्न संगठनों द्वारा पांच हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 50 हजार लोगों के जुटने का दावा किया गया था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने सुबह से ही कलेक्ट्रेट, एत्मादपुर, कुबेरपुर और रामबाग समेत प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी। एहतियात के तौर पर कई प्रमुख किसान नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
उधर, एत्मादपुर क्षेत्र में उस वक्त तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब सिस्टम सुधार संगठन के बैनर तले सवर्ण समाज और किसान संगठनों के कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोक और झड़प हो गई। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और समझा-बुझाकर मार्च को वहीं रोक दिया। प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या रैली को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
