शिक्षक भर्ती आरक्षण मामला: इको गार्डन भेजे गए प्रदर्शनकारी, SC में सुनवाई आज
69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखा। बुधवार को केकेसी स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में इकट्ठा हुए अभ्यर्थियों ने विधान भवन की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर बसों में बैठाया और इको गार्डन भेज दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि ओबीसी को 27% की जगह 3.86% और एससी को 21% की जगह 16.2% आरक्षण दिया गया है, जो नियमों का उल्लंघन है। वे 2020 से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं और 8 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की अहम सुनवाई होनी है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि वह सुप्रीम कोर्ट में ‘याची लाभ’ देने का प्रस्ताव पेश करे, ताकि किसी को हटाए बिना पीड़ितों को न्याय मिल सके। इस प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी शामिल हुए थे। यह मामला प्रदेश की सरकारी नौकरियों में आरक्षण की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।
