पटना में आज से लागू हुआ नया नियम: इन जगहों पर गाड़ी पार्क की तो कटेगा चालान!
पटना में शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहा और बुद्ध मार्ग से जीपीओ गोलंबर के नीचे तक नई पार्किंग व्यवस्था आज यानी रविवार से लागू कर दी गई है। इन मार्गों पर अब तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पूरी तरह वर्जित है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नेहरू पथ पर आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक और बुद्ध मार्ग से जीपीओ गोलम्बर तक किसी भी तरह के वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे। यह कदम भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या को कम करने के लिए उठाया गया है।
निजी चार पहिया वाहन चालकों के लिए तारामंडल के सामने बने स्मार्ट मल्टी लेवल पार्किंग में वाहन खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसकी क्षमता 96 वाहनों की है। वहीं, तीन पहिया वाहनों की पार्किंग मल्टी माडल पार्किंग में की जा सकेगी। मौर्यालोक काम्प्लेक्स आने-जाने वाले लोग मौर्यालोक स्थित स्मार्ट मल्टी लेवल पार्किंग का उपयोग कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोनों मार्गों पर अवैध पार्किंग की स्थिति में चालकों के विरुद्ध शमन की कार्रवाई की जाएगी। पटना को जाम और अतिक्रमण से राहत दिलाने के लिए अब बेतरतीब ढंग से चलने वाले वाहनों, अवैध पार्किंग और ओवरस्पीडिंग पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड के 2,602 सीसीटीवी सर्विलांस कैमरा और अन्य डिटेक्शन कैमरों को सक्रिय किया गया है।
