पाकिस्तान को नौसेना प्रमुख की दो टूक चेतावनी: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने रविवार को नई दिल्ली में सशस्त्र सेना झंडा दिवस समारोह 2025 में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है, भले ही इसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया हो।
नौसेना प्रमुख ने देश की सशस्त्र सेनाओं पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि नागरिकों को भी इन पर गर्व है। त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर कोई देश पर हमला करने की कोशिश करेगा, तो भारतीय सेना उसका कड़ा जवाब देगी, जैसा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देखा गया था।
एडमिरल त्रिपाठी ने कहा, ”हालांकि आपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है, लेकिन यह अभी खत्म नहीं हुआ है। आप उस समय भारत सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से भी अवगत हैं। मुझे एहसास है कि इस देश के नागरिकों को सशस्त्र बलों पर गर्व है। अगर कोई हम पर बुरी नजर डालने की कोशिश करेगा, तो हम उसे करारा जवाब देंगे। हमने आपरेशन सिंदूर के दौरान यह साबित किया है और हम भविष्य में भी यह साबित करेंगे”।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के उद्देश्य से एक सैन्य कार्रवाई थी, जिसे अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किया गया था।
