मुंबई से चोरी मोबाइल का मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर कनेक्शन, मजदूरों को सस्ते में बेचे गए फोन
मुंबई से चोरी किए गए मोबाइल बिहार में कम दामों पर बेचे जा रहे हैं। लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चोरी हुए दो मोबाइल मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में बरामद हुए। पुलिस जांच में मजदूरों ने बताया कि उन्होंने ये मोबाइल मुंबई में सस्ते दामों पर खरीदे थे। पुलिस ने मजदूरों को नोटिस देकर छोड़ दिया है और आगे की जांच कर रही है।
मुंबई से चोरी कर मोबाइल बिहार में औने-पौने दामों में बेचे जा रहे हैं। पुलिस जब वहां पहुंचती तो पता चलता कि वह मजदूरी का काम करता है और 25 हजार का मोबाइल किसी ने चार हजार में खरीदवा दिया। इससे असली बदमाश तक नहीं पहुंच पाती। रविवार को ऐसा ही एक मामले सामने आया।
लोकमान्य तिलक टर्मिनल के यूटीएस काउंटर के पास से एलटीटी चैंबूर के रहने वाले यात्री मो.बनयामीन राज का मोबाइल 18 अक्टूबर को चोरी हो गया। इसके बाद दूसरे यात्री ने भी केस दर्ज कराया। दोनों मोबाइल को जब सर्विलांस पर लिया गया तो एक मोबाइल मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाने के बरुआ और दूसरा समस्तीपुर जिले में पता चला।
इस पर एलटीटी जीआरपी के नारायण बीड़गर के साथ एक टीम मुजफ्फरपुर के बरुआ व समस्तीपुर में छापेमारी कर चोरी वाले दोनों मोबाइल बरामद कर लिए। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने बताया कि वह मुंबई में मजदूरी करने गए थे। वहीं के एक व्यक्ति ने चार-चार हजार में मोबाइल खरीदवा दिया। उसके बाद मुंबई जीआरपी मोबाइल जब्त कर चली गई। एलटीटी जीआरपी ने दोनों लोगों को मजदूर बताकर छोड़ दिया। कहा नोटिस देकर कोर्ट में बुलाया जाएगा।
