अलीगढ़ में दलित बस्ती सड़क निर्माण के लिए मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, जल्द शुरू होगा काम
अलीगढ़ के क्यामपुर की दलित बस्ती में सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने के लिए स्थानीय लोगों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। महर्षि वाल्मीकि सेना के बैनर तले एकत्र हुए बस्ती के लोगों ने अपनी समस्या मंडलायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 41 में नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे एक व्यक्ति द्वारा रुकवा दिया गया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम जीनवाल ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को कई बार लिखित शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस सड़क के निर्माण से बस्ती के निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी, जो वर्तमान में एक बड़ी समस्या बनी हुई है। मंडलायुक्त ने लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही निर्माण कार्य पुनः शुरू करवाया जाएगा। इस दौरान सविता देवी, विजय देवी, हेमलता देवी, हरिशंकर बघेल, राधेश्याम वाल्मीकि सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
