गोवा के नाइट क्लब में भीषण आग, 25 की मौत; चश्मदीदों ने बताया- ‘ब्लास्ट के बाद लगी आग’
देश के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट्स में शुमार गोवा के एक नाइट क्लब में बीती रात अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान क्लब में कई विदेशी पर्यटक भी मौजूद थे। आग इतनी भयानक थी कि अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। इनमें ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है।
हादसे की सटीक वजह अभी तक सामने नहीं आई है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि आग से पहले उन्होंने एक तेज ब्लास्ट की आवाज सुनी थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सिलेंडर फटने के कारण क्लब में आग लगी और इतना बड़ा हादसा हो गया। क्लब के पास मौजूद एक रेस्टोरेंट के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया, “गाड़ी के टायर फटने जैसी एक तेज आवाज आई और उसके बाद क्लब से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई देने लगीं। तभी हमें पता चला कि क्लब में आग लग गई है।”
अरपोरा के एक स्थानीय निवासी के अनुसार, “मैं घर जा रहा था, तभी एक धमाका सुना। हालांकि, यहां रात में अक्सर पटाखे फोड़े जाते हैं, तो मैंने आवाज को नजरअंदाज कर दिया। कुछ देर बाद देखा की क्लब में आग लगी है और एंबुलेंस जा रही हैं।” नाइट क्लब में 4 पर्यटकों समेत 25 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। हालांकि, मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता था। क्लब के सिक्योरिटी गार्ड संजय कुमार गुप्ता का कहना है, “क्लब रात को 10 बजे खुलता है, जिसके बाद लोगों का आना-जाना शुरू हो जाता है। 12 बजे के बाद क्लब में डीजे डांसर भी आने वाले थे, जिसके बाद भारी संख्या में लोग आने वाले थे। मगर, इससे पहले ही क्लब आग की चपेट में आ गया।”
