सफलता का मंत्र: मेहनत और अनुशासन से ही मिलेगी जीत, बोले क्रिकेटर सिद्धार्थ यादव
लखनऊ में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 की ट्रॉफी के टूर के तहत गोरखपुर लायंस के बल्लेबाज सिद्धार्थ यादव ने गुरुकुल एकेडमी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को सफलता के गुर सिखाए। ट्रॉफी के साथ स्कूल पहुंचे सिद्धार्थ ने अपने क्रिकेट सफर के अनुभव साझा किए और युवाओं को प्रेरित किया।
छात्रों में ट्रॉफी को लेकर काफी उत्साह दिखा, उन्होंने सिद्धार्थ से उनके करियर और सफलता के राज पूछे। एक छात्र के सवाल के जवाब में सिद्धार्थ ने कहा, ‘प्रतिभा आपको शुरुआत दिला सकती है, लेकिन उसे उपलब्धि में बदलने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता सबसे अहम हैं।’ उन्होंने नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या पर जोर दिया।
सिद्धार्थ भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं और 2022 में विश्व कप विजेता टीम के सदस्य भी थे। इस कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या अनुरीता बख्शी भी मौजूद रहीं। इस तरह के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
