संविदाकर्मी की मौत पर मध्यांचल एमडी का एक्शन: एक्सईएन, एसडीओ, जेई समेत चार कर्मचारी निलंबित
कल्याणपुर उपकेंद्र के अंतर्गत एक संविदाकर्मी की हाईटेंशन लाइन की मरम्मत के दौरान हुई दुखद मौत के बाद मध्यांचल विद्युत निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम की एमडी रिया केजरीवाल के निर्देश पर अधिशासी अभियंता 33 केवी प्रीतम सिंह, सहायक अभियंता 33 केवी अमितेष कुमार, जूनियर इंजीनियर धर्मेन्द्र कुमार और टीजी-2 कर्मचारी रामधीरज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह घटना 27 फरवरी को तब हुई जब 132 केवी इंदिरानगर ट्रांसमिशन से जुड़ी 33 केवी कल्याणपुर लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। फाल्ट को ठीक करने के लिए जूनियर इंजीनियर ने संविदाकर्मी परशुराम और टीजी-2 कर्मचारी धीरज रावत को भेजा था। आरोप है कि सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई, जिसके चलते पोल पर चढ़ते ही परशुराम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एमडी रिया केजरीवाल ने मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए थे। जांच रिपोर्ट में विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी को मौत का मुख्य कारण पाया गया।
निलंबन के साथ-साथ, संबंधित अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। अधिशासी अभियंता प्रीतम सिंह और सहायक अभियंता अमितेष कुमार को बरेली जोन से संबंद्ध किया गया है, जबकि जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार और टीजी-2 कर्मचारी रामधीरज को गोमतीनगर क्षेत्र से अटैच किया गया है। एमडी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह कार्रवाई विभाग में अनुशासन व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए की गई है। इस घटना ने बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
