लखनऊ: IAS अफसर के घर में किराए पर रहने वाले डिप्टी एसपी के घर चोरों का धावा, लाखों की चोरी
राजधानी लखनऊ में पुलिस की गश्त के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने इस बार एक पुलिस अधिकारी के घर को निशाना बनाया है। राजाजीपुरम-सी ब्लॉक में आईएएस हिमांशु गौतम के मकान में भूतल पर किराए पर रहने वाले एसीपी बाजारखला रंजीत कुमार के आवास में चोरों ने घुसकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार को ड्यूटी से लौटने पर एसीपी को इस चोरी का पता चला।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की पहचान हुई है। चोरों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें सक्रिय हैं। एसीपी रंजीत कुमार करीब 20 दिन पहले ही इस मकान में शिफ्ट हुए थे और उनके परिजन पैतृक आवास गए हुए थे। शनिवार रात जब वह ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गए। कमरे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर नकदी और कीमती जेवरात ले उड़े थे। घटना की सूचना पर तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस इन संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के अनुसार, सर्विलांस सहित चार टीमें चोरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब 25 दिन पहले भी इसी मकान में चोरों ने धावा बोला था और 50 हजार की नकदी व जेवर चुरा ले गए थे। उस मामले का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस की गश्त कम होती है, जिसके कारण ऐसी वारदातें हो रही हैं। उनका सवाल है कि जब उच्चाधिकारियों के आवास सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या भरोसा?
पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आए दिन दुकानों और घरों को निशाना बनाया जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से चोरों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
