Lucknow: इंदिरानगर में सूने मकान से लाखों की चोरी, परिवार छुट्टियों पर गया था गांव
लखनऊ के इंदिरानगर सेक्टर-20 में एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और लैपटॉप लेकर फरार हो गए। यह घटना तब हुई जब मकान मालिक अपने परिवार के साथ बच्चों की छुट्टियां बिताने बाराबंकी स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे।
पड़ोसियों ने जब घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को फोन पर सूचना दी। मकान मालिक ने अपने पिता को घर भेजा, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक परिवार भी गांव से वापस लौट आया। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अलमारी और बेड अस्त-व्यस्त पड़े थे। अलमारी के लॉकर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, लगभग 50 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप गायब था।
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे से सुबह 5 बजे के बीच दो संदिग्ध युवक घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब तीन घंटे तक घर की तलाशी ली और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
