Lucknow News: बैंक अफसर के घर चोरों का धावा, 20 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में एक बैंक अधिकारी के सूने घर में चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इंटरलॉक तोड़कर घर में घुसे चोर नकदी और जेवरात समेत करीब 20 लाख रुपये का कीमती सामान उड़ा ले गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के प्रशासनिक अधिकारी जहीर अहमद अपने परिवार के साथ इंसाफ नगर पानी गांव में रहते हैं। वह 9 अगस्त को आजमगढ़ स्थित अपनी ब्रांच में गए थे और 15 अगस्त की शाम को घर लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला तो खुला था, लेकिन घर के अंदर प्रवेश द्वार का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे, अलमारियों और बक्सों के ताले भी टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस घटना से इलाके में भय का माहौल है और पुलिस पर चोरों को जल्द पकड़ने का दबाव है।
