लखनऊ में निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे युवकों पर हमला, एक की कटी उंगली
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के माढरमऊ इलाके में एक निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा कर रहे दो युवकों पर बीती रात हथियारों से लैस बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से दोनों को बेरहमी से पीटा, जिसमें राजेश शुक्ला नामक युवक की एक उंगली कट गई। पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों ने घटना के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के संबंध में दयानन्द पाण्डेय ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की रात वह और राजेश शुक्ला माढरमऊ स्थित अपने निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और सफारी वाहनों से गुड्डन यादव, अतुल रावत, करन प्रधान का बेटा सूरज, तेजपाल, मनीष सहित 4-5 अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से दोनों युवकों पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में राजेश शुक्ला के हाथ की एक उंगली गंभीर रूप से घायल होकर कट गई। हमलावर धमकी देकर मौके से फरार हो गए। दयानन्द पाण्डेय ने यह भी बताया कि गुड्डन यादव और अतुल रावत पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और उनके साथियों की छवि भी दबंगों वाली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
