Lucknow fire news: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात से पहले सब कुछ राख
लखनऊ के विकास नगर की झुग्गी बस्ती में बुधवार शाम को लगी आग ने कई परिवारों के सपने जलाकर राख कर दिए। यह घटना ऐसे समय हुई जब कई घरों में खुशियों का माहौल था। दूल्हा मनीष अपने विवाह की तैयारियों में जुटा था, घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। अचानक आग की लपटें उठीं और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। आग इतनी भीषण थी कि बस्ती में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आग तेजी से फैल गई।
मनीष की बारात शाम को डीके मैरिज लॉन के लिए निकलनी थी। परिवार के सदस्य दुल्हन के लिए खरीदे गए जेवर, कपड़े और अन्य सामान को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की लपटों ने उन्हें पास नहीं आने दिया। मनीष की चाची पूजा ने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। शादी का सारा सामान और घर का सामान पल भर में जलकर खाक हो गया।
बस्ती में रहने वाली सुनीता के घर पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी बहन मनीषा की शादी 29 अप्रैल को होनी थी। सुनीता ने पाई-पाई जोड़कर बहन के दहेज के लिए बेड, अलमारी और अन्य सामान इकट्ठा किया था। आग में यह सारा सामान जलकर कोयला बन गया। सुनीता और मनीषा अब बदहवास होकर रो रही हैं कि अब शादी कैसे होगी।
अहमदाबाद से लौटे करन के लिए भी यह घटना किसी सदमे से कम नहीं है। उन्होंने मंगलवार को ही अपने बेटे अर्जुन का जन्मदिन मनाया था। करन हैदराबाद से बच्चे के लिए ढेर सारे खिलौने और उपहार लाए थे। करन ने रुंधे गले से बताया कि कल तक जहाँ केक कटा था, आज वहां सिर्फ राख है। बच्चों के खिलौने और परिवार के सपने जलकर तबाह हो गए। दमकल और पुलिस की टीमें घंटों बाद मौके पर पहुंचीं और देर रात तक आग पर काबू पाने की कोशिश करती रहीं।
