देहरादून के भगोड़े बिल्डर शाश्वत गर्ग और पत्नी साक्षी पर L.O.C जारी, नेपाल भागने के मिले प्रमाण
देहरादून में निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पने और फर्जी लोन लेकर फरार हुए बिल्डर शाश्वत गर्ग और उनकी पत्नी साक्षी गर्ग के खिलाफ पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर (L.O.C) जारी कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों के नेपाल भागने के प्रमाण मिले हैं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस मामले में नेपाल के अधिकारियों से भी संपर्क साध रही है।
इससे पहले, शाश्वत गर्ग, उनकी पत्नी साक्षी और पिता प्रवीण गर्ग के पासपोर्ट भी निरस्त किए जा चुके हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश के लिए राजपुर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को लगाया गया है। गर्ग परिवार 17 अक्टूबर से लापता है और उन्हें आखिरी बार उत्तर प्रदेश के हापुड़ में देखा गया था।
शाश्वत गर्ग ने देहरादून में आर्केडिया हिलाक्स और इंपीरियल वैली नाम से दो आवासीय परियोजनाएं शुरू की थीं। निवेशकों की शिकायत के बाद पासपोर्ट पर रोक लगाने की मांग की गई थी, जिसके चलते पासपोर्ट अधिकारी ने 27 नवंबर को तीनों के पासपोर्ट निरस्त कर दिए थे। पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रेरा ने भी इंपीरियल वैली प्रोजेक्ट में खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है।
