कानपुर देहात: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, छत से गिरकर किशोर की मौत
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र के नोनारी बहादुरपुर गांव में एक शादी के घर में खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया। गांव के सत्येंद्र तिवारी की बेटी नैनसी की शादी शनिवार को हुई थी। शादी के अगले दिन रविवार शाम को सत्येंद्र का 14 वर्षीय बेटा सौरभ तिवारी अपने रिश्तेदारों और मोहल्ले के बच्चों के साथ छत पर खेल रहा था।
खेलते-खेलते सौरभ अचानक छत से नीचे गिर गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में सौरभ को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया। सौरभ की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस को नहीं दी गई सूचना
चौकी प्रभारी औनाहा नरसिंह ने बताया कि परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। गांव वालों से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा चुके थे।
