कानपुर देहात: रिंद नदी में मिला युवक का शव, kanpur crime news
कानपुर देहात के अपौना गांव के पास रिंद नदी में रविवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा तो भीड़ जमा हो गई। सूचना पर रूरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस के अथक प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। उसके पास से कोई पहचान पत्र या सामान भी बरामद नहीं हुआ। इस कारण पुलिस ने अज्ञात युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रूरा के एसओ ने बताया कि शव संभवतः कहीं और से बहकर आया है और लगभग दो-तीन दिन पुराना हो सकता है। मृतक की उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है। उसने मेहंदी कलर की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर पहना हुआ था। पुलिस शव की पहचान के लिए प्रयास कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत कैसे हुई और वह यहां कैसे पहुंचा।
