केंद्रीय विद्यालय पानागढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस, देशभक्ति से गूंजा परिसर
दुर्गापुर, जागरण संवाददाता: भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पानागढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता की भावना को सशक्त करना था, ताकि वे देश के भविष्य के सजग नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः प्रार्थना सभा में हुआ, जहाँ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने इस अवसर पर सरदार पटेल के अद्वितीय जीवन और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के उच्च आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य के प्रेरणादायक उद्बोधन के पश्चात्, शिक्षक ओमप्रकाश पंडा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी छात्रों ने एक स्वर में देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें निबंध लेखन, भाषण, कविता पाठ, देशभक्ति गीत गायन, वाद-विवाद और क्विज़ प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंच संचालन सत्यम मिश्र और हिमांशु कांडपाल ने कुशलतापूर्वक किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। कक्षा तीन से पाँच के वर्ग में आद्रिजा मैती ने प्रथम, रूपम विश्वास ने द्वितीय और प्रियांशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह से आठ वर्ग में सुप्रिति नायक प्रथम रहीं, जबकि श्रृष्टि शा को द्वितीय और दब्ही त्रुषा को तृतीय स्थान मिला। वहीं, कक्षा नौ से बारह की वाद-विवाद प्रतियोगिता में संजुक्ता मोहंती ने प्रथम, मोहम्मद अफरुद्दीन ने द्वितीय और प्राची जाधव ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा। इस आयोजन ने छात्रों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
