लखनऊ में जदयू ने मनाया नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन, UP में संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में धूमधाम से मनाया। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा। उन्होंने नीतीश कुमार के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
इस अवसर पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के विचारों और बिहार सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत और सक्रिय करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश कार्यालय परिसर में नेताओं ने वृक्षारोपण भी किया। वहीं, जदयू के लखनऊ जिला अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में आशियाना क्षेत्र स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में हवन-पूजन कर नीतीश कुमार की मंगलकामना की गई। यह आयोजन उत्तर प्रदेश में जदयू की राजनीतिक सक्रियता को दर्शाता है।
