Jamui news: बिहार में बालू लदे ट्रैक्टर ने दो मासूमों को कुचला, गांव में पसरा मातम
बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो मासूमों की जान ले ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान 5 वर्षीय रविकांत कुमार यादव और 12 वर्षीय रंजीत पासवान के रूप में हुई है। रविकांत अपने नाना के घर आया था, जबकि रंजीत ट्रैक्टर पर सवार था।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना चकाई-कियाजोड़ी मुख्य मार्ग पर बाराटाड़ गांव के समीप हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बलियाडाबर स्थित बालू घाट से एक महिंद्रा ट्रैक्टर बालू लादकर तेज गति से चकाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खेल रहे रविकांत को ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रविकांत की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। इसी क्रम में ट्रैक्टर पर चालक के साथ बैठा रंजीत पासवान असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर से कुचल गया। रंजीत की भी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चों को कुचलने के बाद ट्रैक्टर सड़क के उत्तर दिशा स्थित मैदान की ओर भागा और कुछ दूरी पर गड्ढे में बालू सहित पलट गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने की चालक की पिटाई
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया। चालक को इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। मृतक रविकांत के नाना राजेंद्र यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी मां मनीषा कुमारी भी बार-बार बेहोश हो रही हैं। रविकांत के पिता राजेश यादव बंगाल में ट्रक चलाते हैं और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, दूसरे मृतक रंजीत पासवान के माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मृतक अपने-अपने परिवार के बड़े बेटे थे। इस घटना से आसपास के ग्रामीण भी काफी गमगीन हैं।
