जामताड़ा: 5000 के लेनदेन में खूनी संघर्ष, नजरूल के बदले इरशाद को लगी गोली, Jamshedpur crime
झारखंड के जामताड़ा जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ईदगाह मोड़ पर बुधवार रात हुई गोलीबारी में 5000 रुपये के मामूली विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। हथियारबंद बदमाशों ने पहले तो नजरूल अंसारी को निशाना बनाया, लेकिन गोली चूक जाने से उसके पास खड़े इरशाद अंसारी को जा लगी।
गोली इरशाद के गर्दन के पास से आरपार हो गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद नजरूल अंसारी की शिकायत पर पुलिस ने फिरोज अंसारी सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में नजरूल अंसारी ने बताया कि उसका जेसीबी ड्राइवर शाहबाज अंसारी उर्फ लालू दो साल से उसके लिए काम कर रहा था। हाल ही में शाहबाज ने काम छोड़ दिया और नारायणपुर के कमलापुर गांव निवासी फिरोज अंसारी व इजहार अंसारी के लिए काम करने लगा। नजरूल ने फिरोज से अपने ड्राइवर के 5000 रुपये मांगे, जिस पर फिरोज ने उसे धमकी दी और ईदगाह मोड़ पर बुलाया।
नजरूल के अनुसार, जब वह ईदगाह मोड़ पर पहुंचा, तो फिरोज अंसारी और उसके चार अन्य साथी (फखरुद्दीन अंसारी, इजहार अंसारी, सिराज अंसारी) काले रंग की थार गाड़ी से आए। मारपीट और गाली-गलौज के बीच फखरुद्दीन अंसारी ने पिस्तौल से गोली चला दी, जो इरशाद को लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, खासकर हाल के दिनों में हुई लूट और फायरिंग की वारदातों के बाद। पुलिस अभी तक पिछले मामलों के आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
