0

सुलतानपुर में Muslim समाजसेवी ने मंदिर के लिए दान की 50 लाख की जमीन, पेश की भाईचारे की मिसाल

By Feb 5, 2026

सुलतानपुर में भाईचारे की एक नई इबारत लिखी गई है। वल्लीपुर कस्बे के समाजसेवी सैयद एहसान अली उर्फ मुन्ना ने अपनी 50 लाख रुपये की बेशकीमती जमीन मंदिर और आम रास्ते के लिए दान कर दी है। उन्होंने यह जमीन दुर्गा माता मंदिर और निषाद समाज के पूजनीय मरी माई धाम के लिए समर्पित की है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब देश के कई हिस्सों से धर्म के नाम पर विवाद की खबरें आती हैं। एहसान अली के इस कदम से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और इसे सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।

एहसान अली मुन्ना ने सदर तहसील के वल्लीपुर में गाटा संख्या 274 में यह भूमि खरीदी थी। कुल 1960 वर्गफुट जमीन में से 400 वर्गफुट दुर्गा मंदिर के लिए, 400 वर्गफुट मरी माई धाम के लिए और 260 वर्गफुट आम रास्ते के लिए दान की गई है। शेष भूमि मंदिर परिसर के विस्तार के लिए समर्पित है। एहसान अली ने मंदिर ट्रस्ट से आग्रह किया है कि नियमानुसार भूमि को मंदिर के नाम दर्ज कराकर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

एहसान अली मुन्ना क्षेत्र में जनसेवा के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2004 से 2012 तक पूर्व सांसद और पूर्व पर्यटन मंत्री के जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में कार्य किया है। उनके अनुसार, जनसेवा के अनुभव ने ही उन्हें इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इंसान खाली हाथ आता है और खाली हाथ चला जाता है, पीछे सिर्फ उसके अच्छे कर्म ही रह जाते हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें