ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए महिला को बच्चे संग जंगल में छोड़ा, पति समेत पांच पर FIR
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तीन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बेरहमी से पीटा और फिर बच्चे के साथ जंगल में फेंक दिया। पीड़ित महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति, ससुर, सास, ननद और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घरबरा निवासी रविंद्र ने अपनी बेटी साक्षी की शादी 17 जनवरी 2024 को फरीदाबाद निवासी सुनील नागर के साथ की थी। शादी में तय दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर साक्षी को प्रताड़ित किया जाने लगा। गर्भवती होने पर भी उसे मायके नहीं भेजा गया और डिलीवरी के बाद भी उसे लेने नहीं आए।
22 नवंबर 2025 की रात करीब 11 बजे, पति और अन्य ससुराल वालों ने साक्षी और उसके बच्चे के साथ मारपीट की और उन्हें गांव के बाहर जंगल में छोड़ कर भाग गए। किसी तरह महिला घर पहुंची और आपबीती बताई। अब आरोपी उसे ले जाने की बात पर धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न के गंभीर मुद्दे को उजागर किया है।
