उत्तराखंड में खौफनाक वारदात: 23 दिन बाद भी इंसाफ का इंतजार, बुजुर्ग गंगा देवी के हत्यारे फरार
उत्तराखंड के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहू गांव में 14 नवंबर की रात हुई बुजुर्ग गंगा देवी की हत्या का मामला 23 दिन बाद भी अनसुलझा है। 60 वर्षीय गंगा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और हत्यारा उनके गले से गलोबंद भी लेकर फरार हो गया था। यह वारदात तब हुई जब बुजुर्ग अपने घर में अकेली थीं।
हत्या की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दो दिन बाद दी गई थी। तब से पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की है और कई बार खुलासे के करीब पहुंचने का दावा भी किया, लेकिन मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
स्थानीय ग्रामीणों में अब पुलिस की कार्यशैली को लेकर रोष है। 23 दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारे का पता न लगने से लोग इंसाफ की उम्मीद खो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
