उत्तराखंड में दिल दहला देने वाली घटना: सड़क पर मिला नवजात का कटा सिर, धड़ की तलाश में जुटी पुलिस
उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवाल-बेराधार-हाट कल्याणी मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह ग्रामीणों को एक नवजात शिशु का कटा हुआ सिर मिला। इस दृश्य ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नवजात के सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्चे का धड़ घटनास्थल से गायब है। पुलिस टीम अब शिशु के धड़ की तलाश में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह सिर किसका है और यह घटना कैसे हुई। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी हत्या का मामला है या कोई और रहस्य। इस घटना ने पूरे क्षेत्र के लोगों को सकते में डाल दिया है।
