हरदोई में पुलिस मुठभेड़: दो शातिर चोर गिरफ्तार, एक सिपाही घायल
हरदोई में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुरुवार को हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हुई गोलीबारी में दोनों आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब अतरौली थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश बाइक से चोरी की एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में दुक्कनी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान टेरी पुलिया के पास पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। पुलिस को देखते ही वे कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे।
भागने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों युवक नीचे गिर पड़े। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो वे भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी रामजी, जो सीतापुर के कुरसंडा गांव का रहने वाला है, उसके दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरा आरोपी विजय, जो सीतापुर के मटरवा का निवासी है, उसके बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने घायल आरोपियों के पास से चोरी की घटनाओं से संबंधित जेवर, 15,170 रुपये की नकदी, दो अदद 315 बोर के तमंचे और चार कारतूस बरामद किए हैं। यह बदमाश एक अगस्त को संडीला के ग्राम किशोरीखेड़ा में सुशील कुमार और श्रीराम के घरों में हुई चोरी की वारदातों में शामिल थे। इन चोरियों में लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूटी गई थी। पुलिस ने रामजी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
इस मुठभेड़ के दौरान अतरौली थाने में तैनात सिपाही उदयवीर भी घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के लिए घायल दोनों आरोपियों और सिपाही उदयवीर को सीएचसी भरावन में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिसिया कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
