इंजीनियरिंग डिग्री बेकार, नौकरी न मिलने से निराश युवक ने दी जान
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक ने कथित तौर पर नौकरी न मिलने के कारण आत्महत्या कर ली। युवक ने मेहनत से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी, लेकिन उसे मनपसंद नौकरी नहीं मिल पाई। इस असफलता से निराश होकर उसने घर में ही ड्राई फ्रूट का व्यवसाय शुरू किया, लेकिन इसमें भी उसे कामयाबी नहीं मिली, जिसके बाद उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, बड़ा चौराहा निवासी दिनेश बाजपेई के चार बच्चों में सबसे बड़े आयुष बाजपेई ने लगन से पढ़ाई कर इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की थी। हालांकि, डिग्री होने के बावजूद उसे रोजगार नहीं मिला। नौकरी की तलाश में भटकने और फिर व्यवसाय में हाथ आजमाने के बावजूद जब उसे सफलता नहीं मिली, तो वह गहरे अवसाद में चला गया।
गुरुवार की दोपहर, परिवार के सदस्यों ने आयुष को घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे से काफी देर तक बाहर न आने पर छत से जाकर देखा। वहां उन्होंने आयुष को गमछे के फंदे से लटका पाया। इस दिल दहला देने वाले दृश्य को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने नमूने एकत्र किए और घटना के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। परिवार वाले घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आयुष बेरोजगार होने के कारण काफी तनाव में था।
कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक द्वारा आत्महत्या का कदम उठाने का कारण बेरोजगारी और उससे उपजा तनाव प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के सभी कारणों का पता लगाया जा सके।
