यात्रियों के लिए खुशखबरी: गया-हावड़ा और फरक्का एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाए गए, जानें Bihar train news
पूर्व रेलवे ने बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि की है। यह निर्णय स्थानीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए लिया गया है। भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, बेगूसराय और बरौनी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ने से इन क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे बोर्ड के कोचिंग उप निदेशक संजय कुमार मिश्रा ने पूर्व रेलवे को इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें गया-हावड़ा एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस सहित कई सुपरफास्ट, मेल और पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव को प्रायोगिक आधार पर बढ़ाने की बात कही गई है।
इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय कनेक्टिविटी में सुधार होगा। नवगछिया होकर गुजरने वाली प्रमुख ट्रेन अवध असम एक्सप्रेस का ठहराव लंका स्टेशन पर दिया गया है। इसी तरह, बांका, मुंगेर, खगड़िया और नवगछिया होकर नार्थ ईस्ट जाने वाली देवघर साप्ताहिक और फरक्का एक्सप्रेस के ठहराव भी बढ़ाए गए हैं। यह कदम क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा को आसान बनाएगा।
