आगरा में युवती से छेड़छाड़, पुलिस ने किया शांतिभंग का चालान; पीड़िता को सता रहा बदले का डर
आगरा के ईदगाह चौराहे के पास एक युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन उन्हें शांतिभंग में जेल भेज दिया। युवती के स्वजन ने पुलिस पर धाराओं को हल्का करने का आरोप लगाया है। पुलिस का तर्क है कि मुकदमे की धाराओं में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान था, इस कारण शांतिभंग की कार्रवाई की गई। वहीं वारदात के बाद से युवती दहशत में है।
उसे डर है कि आरोपित जेल से छूटने के बाद दोबारा से कोई हरकत न करें। सदर क्षेत्र में रहने वाली युवती गुरुवार को शाहगंज के एक मॉल में कपड़े खरीदने के लिए आई थी। यहां उसकी स्कूटी में स्कूटी सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी थी। युवती जब वापस लौट रही थी, तो स्कूटी सवार युवकों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ उसका पीछा किया। ईदगाह चौराहे के पास युवक ने युवती के आगे स्कूटी व बाइक लगाकर उसे रोक लिया और हाथ पकड़कर बाइक पर खींचने की कोशिश की थी। विरोध करने पर युवती को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया था।
सरेराह हुई वारदात के बाद भीड़ ने बाइक सवार अनीस, जीशान और आदिल को दबोच लिया। वहीं मुख्य आरोपित अफजल व आदिल भागने में सफल रहे। गुरुवार रात भागे हुए अफजल व आदिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पिता की ओर से सदर थाने में तहरीर देकर बेटी के अपहरण के प्रयास का भी आरोप लगाया गया था। सदर थाना पुलिस ने मारपीट, पीछा करने सहित अन्य धाराओं में पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पांचों आरोपितों को शांतिभंग की धारा में जेल भेजा गया है। स्वजन का कहना है कि आरोपित कुछ ही दिनों में रिहा हो जाएंगे। दर्ज मुकदमे में पुलिस ने धाराओं को हल्का किया है। एसीपीड़िता और उसके स्वजन को डर है कि आरोपित जमानत मिलने के बाद उनसे रंजिश निकाल सकते हैं।
