गाजियाबाद: कार बेचकर 20 लाख की ठगी, झूठे केस में फंसाने की धमकी देने वाले 3 लोगों पर FIR
गाजियाबाद के साहिबाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने कार खरीदने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित श्याम दत्त शर्मा ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि आरोपियों ने न सिर्फ कार के दस्तावेज ट्रांसफर नहीं किए, बल्कि पैसे वापस मांगने पर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।
श्याम दत्त शर्मा ने बताया कि 2024 में उनकी पहचान धनपाल सिंह से हुई, जिसने खुद को एक स्कूल का चेयरमैन बताया था। धनपाल और उसकी पत्नी शिवानी ने उन्हें अपनी कार 20 लाख रुपये में बेच दी। श्याम दत्त ने नकद और आरटीजीएस के माध्यम से पूरी रकम चुका दी। हालांकि, आरोपियों ने कार के कागजात उनके नाम पर कराने में लगातार टालमटोल की।
मई 2025 में धनपाल सिंह गैंगस्टर और धोखाधड़ी के मामले में जेल चला गया। श्याम दत्त ने जब धनपाल की पत्नी शिवानी से कार ट्रांसफर करने को कहा, तो उसने मना कर दिया। मजबूरन श्याम दत्त ने कार वापस कर अपने पैसे मांगे। कुछ समय बाद धनपाल जेल से बाहर आया और उल्टा श्याम दत्त से 20 लाख रुपये और मांगे। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। बाद में आरती कक्कड़ नाम की एक महिला ने भी पीड़ित को धमकाया।
पीड़ित ने बताया कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर अब तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
