गोंडा में BLO की मौत के मामले में जांच समिति गठित, जौनपुर भेजा गया शव
गोंडा जनपद में प्राथमिक विद्यालय जैतपुर माझा नवाबगंज के सहायक अध्यापक विपिन यादव की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के लिए एक समिति गठित की है। मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश की अध्यक्षता वाली यह समिति शिक्षक की मौत के कारणों की पड़ताल करेगी।
डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि शिक्षक के शव को उनके पैतृक गांव जौनपुर जिले के सरायखाझा के मलनी गांव भेज दिया गया है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच कराने के उद्देश्य से इस टीम का गठन किया गया है। विपिन यादव की मौत की खबर से शिक्षकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। सूत्रों के अनुसार, शिक्षक के परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विपिन यादव ने मंगलवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया था। उन्हें तत्काल बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक शिक्षक की पत्नी सीमा ने आरोप लगाया था कि उनके पति की ड्यूटी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के तौर पर लगाई गई थी, जिसके बाद से वह काफी अवसाद में रहने लगे थे। इंटरनेट पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह शिक्षक का आखिरी वीडियो है। वीडियो में वह कथित तौर पर अधिकारियों द्वारा दबाव बनाने की बात कह रहे हैं। गठित की गई समिति अब इस वीडियो की सत्यता की जांच करेगी, जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि आवाज उन्हीं की है या नहीं, और यह बयान किसी दबाव में दिया गया था या स्वेच्छा से।
साथी शिक्षक की मौत से शिक्षक समुदाय में रोष है। शिक्षक नेताओं का कहना है कि उनके पास अक्सर पर्याप्त संसाधन नहीं होते, फिर भी वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने प्रशासन से अनावश्यक दबाव न बनाने की अपील की है। थानाध्यक्ष नवाबगंज अभय सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में उन्हें अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
