अलीगढ़ जिला अस्पताल में पूर्व सैनिकों से मारपीट, इमरजेंसी पर हंगामा, Aligarh crime news
अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला अस्पताल में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इमरजेंसी वार्ड के बाहर वाहन खड़ा करने से मना करने पर वहां तैनात भूतपूर्व सैनिकों के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पूर्व सैनिकों, नेत्रपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह, फिरोज खान, सुरेश भारद्वाज और रामपाल सिंह ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि नाइट ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों ने इमरजेंसी वार्ड के बाहर नियमों के विरुद्ध वाहन खड़ा कर दिया था। जब उन्होंने वाहन हटाने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर हाथापाई पर उतर आए, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। पूर्व सैनिकों का कहना है कि वे अस्पताल में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ड्यूटी कर रहे थे, लेकिन जानबूझकर उन्हें निशाना बनाया गया। आरोपियों की पहचान सफाईकर्मी के तौर पर बताई जा रही है।
पूर्व सैनिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना बन्नादेवी के इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और तहरीर के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
