0

जींद में रंगदारी की साजिश नाकाम, तीन पिस्तौल के साथ खतरनाक अपराधी गिरफ्तार

By Dec 10, 2025

जींद में सीआईए टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रंगदारी मांगने की साजिश रच रहे एक खतरनाक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन अवैध पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मलार निवासी दीपांशु को होशियारपुरा-मलार रोड पर बंद पड़े एक पुराने स्कूल के पास से पकड़ा गया।

सीआईए प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दीपांशु को धर दबोचा। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 12 बोर, 315 बोर व 32 बोर के अवैध पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में पता चला कि दीपांशु दिल्ली में डकैती के एक मामले में आरोपी था और तिहाड़ जेल में बंद था। वह केवल दस दिन पहले ही पैरोल पर बाहर आया था। उस पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी दर्ज हैं। जांच अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि दीपांशु विदेश में बैठे अपने आका के इशारे पर रंगदारी मांगने की फिराक में था। उसे ये हथियार भी उसी आका ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि उसके नेटवर्क और साजिश के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें