यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टला | UP news
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। लखनऊ से कौशांबी जा रहे उनके हेलिकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति में उतारना पड़ा। हेलिकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और हेलिकॉप्टर को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा।
यह घटना शनिवार दोपहर की है, जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। हेलिकॉप्टर ने ला मार्टिनियर ग्राउंड से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को तकनीकी खराबी का अहसास हुआ और केबिन में धुआं फैलने लगा। पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
आपात लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम हेलिकॉप्टर की जांच कर रही है ताकि खराबी के सही कारणों का पता लगाया जा सके। उपमुख्यमंत्री के कार्यालय ने इस घटना की पुष्टि की है और बताया है कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
