0

हरिद्वार में झुंड से बिछड़ा हाथी, गांव की गलियों में दौड़ा; Haridwar news

By Dec 20, 2025

हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र के कटेबड गांव में शनिवार सुबह एक हाथी के घुसने से हड़कंप मच गया। यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था और गांव की गलियों में दौड़ता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी क्षेत्र से जंगल की ओर खदेड़ा।

लालढांग क्षेत्र का कटेबड गांव राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन रेंज और लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज से सटा हुआ है। यही कारण है कि यहां हाथी सहित अन्य जंगली जानवरों की चहलकदमी बनी रहती है। शनिवार सुबह जब हाथी गांव की मुख्य सड़क पर आया, तो वहां स्कूल जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया।

हालांकि, भीड़ देखकर हाथी गांव की गलियों में घुस गया और काफी देर तक वहां घूमता रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले हवाई फायरिंग की, लेकिन हाथी नहीं भागा। इसके बाद ग्रामीणों ने पटाखों का इस्तेमाल किया और हाथी को नदी की ओर खदेड़ने में सफलता मिली। डिप्टी रेंजर हनुमंत द्विवेदी ने बताया कि हाथी झुंड से बिछड़ गया था, जिसे सुरक्षित जंगल में वापस भेज दिया गया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें