0

कानपुर में आंधी से फिर बिजली गुल, 90 मोहल्लों में छाया अंधेरा | Kanpur news

By Apr 21, 2026

मंगलवार शाम कानपुर में आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को एक बार फिर तहस-नहस कर दिया। शनिवार को आए तूफान के बाद मुश्किल से संभली बिजली आपूर्ति मंगलवार को फिर से बाधित हो गई। आंधी के कारण 24 फीडरों में फॉल्ट आया, जिससे 90 से अधिक मोहल्लों में बिजली गुल हो गई और लगभग आठ लाख की आबादी अंधेरे में डूब गई।

तेज आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ की डालें बिजली के तारों पर गिरीं, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे भी गिर गए। शाम करीब साढ़े पांच बजे आई आंधी ने शहर के बड़े हिस्से में ब्लैक आउट कर दिया। जरौली फेज-1, लाजपत नगर, नवाबगंज, वीएसएसडी कॉलेज और कल्याणपुर के माधवपुरम आईआईटी सोसाइटी जैसे कई प्रमुख इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

शनिवार को हुई तूफानी बारिश के बाद शहर भर में बिजली आपूर्ति चरमरा गई थी। खंभे, लाइनें और पेड़ टूटने से राहत का काम तीन दिनों तक चल रहा था। केस्को ने प्राथमिकता के आधार पर एचटी और एलटी लाइनों के फॉल्ट तो दुरुस्त कर दिए थे, लेकिन कई उपभोक्ताओं के घरों में लोकल फॉल्ट, फेज की समस्या और सर्विस केबल टूटने जैसी शिकायतें अभी भी लंबित थीं। तीन दिनों तक लोग अगल-बगल के घरों से तार जोड़कर काम चला रहे थे।

केस्को के अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार की तूफानी बारिश से बाधित हुई बिजली आपूर्ति को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया गया था। मंगलवार शाम को हुई आंधी-बारिश से हुए नए फॉल्टों को रात में ठीक करने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति रात नौ बजे तक बहाल कर दी गई है और स्थानीय शिकायतों पर भी काम किया जा रहा है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

कानपुर: पुरानी रंजिश में युवक को अगवा कर पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती | Kanpur crime news

कानपुर के चकेरी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को अगवा कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। सोमवार रात श्यामनगर में अंडे की दुकान लगाने वाले अभिषेक उर्फ निशांत गुप्ता को...
By Apr 21, 2026

साझा करें