लखनऊ में खूंखार कुत्ते को लोगों ने मार डाला, बच्ची और दादी घायल
लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम में सोमवार को एक खूंखार कुत्ते ने आतंक मचा दिया। इस पागल कुत्ते ने पहले तीन साल की बच्ची आइरा और उसकी दादी सोमवती को घायल कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कुत्ता पिछले कुछ दिनों से इलाके में घूम-घूम कर कई लोगों को काट चुका था।
सोमवार सुबह जब आइरा घर के बाहर खेल रही थी, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके पैर को बुरी तरह नोच डाला। बच्ची की चीख सुनकर उसकी दादी सोमवती बचाने दौड़ीं, लेकिन कुत्ते ने दादी की उंगली भी काट ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
लोगों का कहना है कि सोमवार शाम को वही कुत्ता फिर से एक व्यक्ति पर झपटा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव में उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन आवारा कुत्तों की समस्या पर सवाल खड़े हो गए हैं।
