डॉ. रूमा कुमारी को मिला ‘आइडियल अचीवर्स अवॉर्ड’, नई शिक्षा नीति सेमिनार में 71 विभूतियां सम्मानित
गोपाल किरण समाज सेवी संस्था ग्वालियर एवं जीएलए विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय ‘नई शिक्षा नीति-समस्याएं एवं समाधान’ था। इस कार्यक्रम के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय आइडियल अचीवर्स अवार्ड समारोह का भी आयोजन हुआ।
समारोह में सर्वोदय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉक्टर रूमा कुमारी को उनके शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘आइडियल अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उनके साथ सज्जन क्रांति, वंशिका पवार, रीनू वर्मा, डॉ गुरुप्यारी, डॉ. अखिलेश यादव, सारिका श्रीवास्तव सहित लगभग 71 महान विभूतियों को भी यह सम्मान मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरेंद्र सिंह एवं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में केसी मीना, डॉ. रमा पूर्णिमा शर्मा, डॉ. बीपी अशोक व रविंद्र सिंह जिला विद्यालय निरीक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने नई शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष व संचालक प्रकाश निमराजे भी मौजूद रहे।
