लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के स्थापना दिवस पर डीजीपी ने परोसी पूड़ी, देखें खास तस्वीरें
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने अपना छठवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस खास मौके पर एक बेहद ही अलग और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जहां पुलिस के आला अधिकारी खुद अपने मातहतों को भोजन परोसते नजर आए। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने जहां पूड़ी परोसी, वहीं पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने सब्जी बांटकर सभी का दिल जीत लिया। इस आयोजन में रिजर्व पुलिस लाइन में महिला-पुरुष सिपाहियों के साथ-साथ अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हुए, जिन्हें अफसरों ने पंगत में बिठाकर भोजन कराया।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्णा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 150 पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने 13 जनवरी 2020 को लागू हुई कमिश्नरेट व्यवस्था की सभी को शुभकामनाएं दीं। डीजीपी ने कहा कि कमिश्नरेट लागू होने के बाद से लखनऊ पुलिस ने साइबर अपराध को संरचित एवं तकनीकी प्राथमिकता के रूप में विकसित किया है। साइबर अपराध की बदलती प्रकृति को देखते हुए उप निरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति केन्द्रों एवं पिंक बूथों पर तैनात पुलिसकर्मी महिला सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि बीते छह वर्षों में पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, वीवीआईपी सुरक्षा, जनसंपर्क एवं पुलिस कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। यह आयोजन न केवल पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करता है।
