सरप्राइज के बहाने ननद पर जानलेवा हमला, भाभी ने आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू-चिमटे से गोदा
आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी क्षेत्र के राधा नगर में रविवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक भाभी ने अपनी ननद को उपहार देने के बहाने कमरे में बुलाया। ननद को सरप्राइज देने की बात कहकर उसने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और हाथों को चुनरी से बांध दिया।
इसके बाद भाभी ने चाकू, चिमटा और कलछी से ननद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ननद की चीखें सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे तो देखा कि प्रिया खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। आनन-फानन में घायल ननद को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित भाभी को हिरासत में ले लिया है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपित पूजा से हमले के कारणों की पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक वर्ष पहले शिवांशु ने पूजा से प्रेम विवाह किया था। हमले के पीछे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
