आगरा के कारोबारी से 25 लाख की Cyber Fraud, Facebook गेम लिंक बना वजह
आगरा के एक कारोबारी के साथ 25 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी उमेश सिंह ने फेसबुक पर आए एक गेम लिंक पर क्लिक किया था, जिसके बाद उनके खाते से इतनी बड़ी रकम गायब हो गई। यह घटना लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति आगाह करती है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी को फेसबुक पर एक गेम का लिंक मिला था। उन्होंने उत्सुकतावश उस लिंक पर क्लिक कर गेम खेलना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इस एपीके फाइल के माध्यम से साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया और बैंक खाते तक पहुंच बना ली।
पीड़ित ने जब अपने खाते से 25 लाख रुपये गायब देखे तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही सदर थाने में भी मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में एपीके फाइल डाउनलोड होना ठगी का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है।
