यूपी में शिक्षा का हाल: राजभर का अखिलेश पर तीखा तंज, ‘चचा-भतीजा वसूली के लिए बोरा लेकर निकलते थे’
उत्तर प्रदेश के योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार में शिक्षा का हाल बेहद खराब था। राजभर ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी की गाइडलाइन जारी होते ही ‘चचा-भतीजा’ वसूली के लिए बोरा लेकर निकल पड़ते थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव को अपनी सरकार के समय का याद है जब स्कूलों में खुलेआम नकल होती थी और परीक्षाओं को एक धंधा बना दिया गया था।
राजभर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि अखिलेश यादव के राज में हाईस्कूल और 12वीं के प्रश्न पत्र पैसों पर बेचे जाते थे और फर्जी सर्टिफिकेट बनाए जाते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस दौरान यादव और मुस्लिम समुदाय के अलावा किसी और को नौकरी नहीं मिलती थी। मंत्री ने कहा कि इतिहास उठाकर देखा जा सकता है कि कैसे कुछ लोग अपनी क्षमता न होने के बावजूद इलाहाबाद विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पा लेते थे। राजभर ने दावा किया कि अखिलेश और उनकी पार्टी के लोग छात्रों और युवाओं को बरगलाकर सिर्फ सत्ता हासिल करना चाहते हैं और देश व प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं।
इससे पहले भी ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि सपा के लोगों को गरीबों, पिछड़ों और दलितों को सताने में मजा आता है। उन्होंने अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा था कि जांच में अक्सर सपा के लोग ही शामिल पाए जाते हैं।
