बेमौसम बारिश पर सीएम योगी का एक्शन: किसानों को राहत के लिए DM को जारी किए आदेश
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इस संकट की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल एक्शन लेते हुए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फसलों को हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराने का आदेश दिया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह कार्य केवल कागजी न होकर वास्तविक धरातल की स्थिति के आधार पर किया जाए, ताकि किसानों को सही और समय पर सहायता मिल सके।
राहत आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि वे फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्रित कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजे के वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भुगतान व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी आपदा की स्थिति में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज हवा के कारण तैयार खड़ी गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई है, जिससे दाना काला पड़ने और पैदावार घटने की आशंका है। सिद्धार्थनगर और गोण्डा जैसे जिलों में ओलों ने गेहूं को भारी नुकसान पहुंचाया है। गीली मिट्टी के कारण आलू की खुदाई रुक गई है और खेतों में पड़ा आलू सड़ने का डर सता रहा है। सरसों की फलियां भी झड़ गई हैं। मलिहाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में आम के बौर को भी नुकसान पहुंचा है। बरेली मंडल में दलहनी फसलों को काफी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
ग्लोबल वार्मिंग और कूलिंग नई चेतावनी: सीएम योगी ने वन संरक्षण पर दिया ज़ोर
कानपुर में पुलिस के डर से युवक ने लगाई फांसी, महिला से विवाद के बाद मचा हड़कंप
कानपुर: हंसपुरम में गोवंश की हत्या, माहौल बिगाड़ने की कोशिश, Kanpur crime news
मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत पर CM योगी सख्त, अपराधियों पर होगी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश की ताज़ा ख़बरें: मेरठ में LPG टैंकर पलटा, गैस रिसाव की आशंका से हड़कंप
अलीगढ़ में सड़क पर नमाज, पुलिस ने समझाया; शिया समुदाय ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
बेमौसम बारिश से खराब हुई फसल? जानें कैसे पाएं PM फसल बीमा का मुआवजा
गैस की किल्लत: 45 दिन की बुकिंग ने बढ़ाई मुसीबत, आम आदमी परेशान
