0

गंगोत्री धाम में हाड़ कंपा देने वाली ठंड: माइनस 9 डिग्री तापमान ने जमाया पानी, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

By Dec 12, 2025

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्थित गंगोत्री धाम और गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां रात्रि में तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसके कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस भीषण ठंड का सबसे बड़ा असर नदी-झरनों और पेयजल लाइनों पर पड़ा है, जहां पानी जमना शुरू हो गया है।

गंगोत्री धाम में भले ही अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन तापमान में भारी गिरावट ने यहां के निवासियों और कर्मचारियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। तापमान माइनस में होने से गंगोत्री धाम और गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र के जल स्रोत जमने लगे हैं। कई जगहों पर पेयजल पाइपलाइनें पूरी तरह से चोक हो गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय निवासियों, पुलिसकर्मियों और वन कर्मियों को भागीरथी नदी से पानी ढोना पड़ रहा है। यह स्थिति तब और भी गंभीर हो जाती है जब गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर गश्त कर रहे वन कर्मियों को जमी हुई जलधाराओं के कारण फिसलन का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। बावजूद इसके, पार्क प्रशासन के कर्मचारी अपनी गश्त जारी रखे हुए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें