लापता मजदूर का शव बेहता नाले में मिला, हत्या की आशंका: Lucknow crime news
लखनऊ के कटौली गांव में चार दिनों से लापता एक मजदूर का शव सोमवार शाम गांव के बाहर बेहता नाले में मिला। खेत में पानी लगा रहे किसानों ने जब पानी में शव उतराता देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है।
मनोज यादव (24) कटौली गांव का रहने वाला था और मजदूरी करता था। 15 जनवरी की रात वह घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो रविवार को दुबग्गा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की देर शाम गांव के बाहर बेहता नाला में उसका शव मिला।
मनोज के भाई रमेश ने बताया कि 15 जनवरी को गांव के बाहर पश्चिम दिशा में करीब 500 मीटर की दूरी पर मनोज का एक जूता और लोवर भी मिला था, जिससे हत्या की आशंका और बढ़ गई है। मृतक अविवाहित था और उसके पिता की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि मामले में पहले से गुमशुदगी दर्ज है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर फिलहाल चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की आगे की जांच की जाएगी और उसी आधार पर कार्रवाई होगी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
