0

धनबाद में लापता कोल सप्लायर का शव बरामद, परिजनों ने लगाया murder का आरोप

By Dec 26, 2025

धनबाद के गोविंदपुर में कालाडीह पुलिया के नीचे एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान झरिया निवासी 45 वर्षीय सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में हुई, जो पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजनों ने सुबोध की हत्या का आरोप लगाया है।

सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह घर से निकले थे और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गए थे। लोडिंग के बाद शाम करीब 5 बजे वे भट्ठा परिसर से बाहर निकले थे। शाम 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और गोविंदपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

गुरुवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेकर ब्लैक डायमंड हार्डकोक भट्ठा के गेट पर धरना दिया। उन्होंने भट्ठा मालिक से 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। हालांकि, बाद में 5 लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी। भट्ठा मालिक रामेश्वर अग्रवाल ने कहा कि सुबोध उनके कर्मचारी नहीं थे, बल्कि ट्रांसपोर्टर के लिए काम करते थे। इसके बावजूद सहानुभूति के तौर पर उन्होंने आर्थिक सहायता दी।

मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिसरा रिजर्व रखा गया है। मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें